Homeशिक्षाप्रद कथाएँअर्जुन का प्रतिशोध और द्रोण की मृत्यु

अर्जुन का प्रतिशोध और द्रोण की मृत्यु

अर्जुन का प्रतिशोध और द्रोण की मृत्यु

प्रातःकाल होते ही अर्जुन अपने रथ पर सवार हो गए| वे पिछली रात प्रिय पुत्र अभिमन्यु को जिस प्रकार वीरगति प्राप्त हुई थी, उसे याद कर, रोते रहे थे| केवल जयद्रथ को सूर्यास्त से पूर्व मृत्युदंड देने की प्रतिज्ञा ने उन्हें जीवित रखा हुआ था|

“अर्जुन का प्रतिशोध और द्रोण की मृत्यु” सुनने के लिए Play Button क्लिक करें | Listen Audio

कौरवों को अर्जुन की शपथ का समाचार मिल चूका था| उसे सुनकर सिंधु नरेश जयद्रथ भयभीत था| वह उस दिन युद्ध नहीं करना चाहता था, परन्तु दुर्योधन ने दिलासा दिलाया कि उसकी पूर्णरूप से रक्षा की जाएगी, “तुम भयभीत न हो जयद्रथ, हम सब तुम्हारे साथ हैं|”

द्रोण, उनके पुत्र अश्वत्थामा और दुर्योधन ने कुशलता से जयद्रथ की रक्षा की| अर्जुन ने द्रोण के साथ युद्ध किया, परन्तु अर्जुन अपने गुरु को परास्त नहीं कर सके| अर्जुन ने दुर्योधन से युद्ध किया, परन्तु द्रोण ने उसे एक ऐसा वस्त्र दिया था जिसे किसी बाण से भेदा नहीं जा सकता था| ऐसा लगता था कि पांडव कभी भी कौरवों को पराजित नहीं कर पाएँगे| सूर्यास्त होनेवाला था और अभी तक अर्जुन की शपथ पूरी नहीं हुई थी| श्रीकृष्ण चिंतित हो उठे| उन्होंने अर्जुन की सहायता करने के लिए युक्ति से विशाल काले बादलों की धुंध पृथ्वी से आकाश तक, सूर्य के सामने, फैला दी| कौरवों को सूर्यास्त का भ्रम हुआ और उन्होंने समझा कि जयद्रथ की मृत्यु का खतरा अब नहीं रहा| परन्तु अर्जुन ने युद्ध जारी रखा और दुर्योधन के शरीर के उस भाग को लक्ष्य बनाया जो कवच से ढका हुआ नहीं था| वे तब तक दुर्योधन पर बाणों की बौछार करते रहे जब तक कि वह अर्धमूर्छित अवस्था में, असहनीय पीड़ा से कराहता हुआ, जयद्रथ के सामने से हट नहीं गया|

अर्जुन ने अब अपना लक्ष्य जयद्रथ के सिर पर साधा| एक ही झटके से उसका सिर धड़ से अलग हो गया| और इस प्रकार अर्जुन द्वारा ली गई शपथ पूर्ण हुई|

कौरवों और पांडवों में वीरता की कमी नहीं थी| भीम ने अनेक भाइयों का वध किया| भीम और नकुल ने कर्ण के साथ भी युद्ध किया| कर्ण ने भीम को अधमरा कर दिया| परन्तु कुंती को दिये गए वचन को स्मरण करके उन्होंने भीम को छोड़ दिया| और फिर कर्ण की लड़ाई भीम और हिडिंबी के पुत्र घटोत्कच से हुई| घटोत्कच ने अदम्य साहस के साथ कर्ण से युद्ध किया| कर्ण का कोई भी बाण घटोत्कच को टस से मस न कर सका और सहसा कर्ण को आभास हुआ कि वह भीम-पुत्र को पराजित नहीं कर पाएगा| अचानक, बिना सोच-विचार के, कर्ण ने विद्युत-सा प्रहार करने वाला इंद्र द्वारा दिया गया अस्त्र घटोत्कच पर फेंका| घटोत्कच मारा गया| जिस अस्त्र से घटोत्कच का वध हुआ वह केवल एक बार ही प्रयोग किया जा सकता था, अतः अस्त्र इंद्र के पास लौट गया| कर्ण अपना सबसे महत्वपूर्ण और शक्तिशाली अस्त्र खो बैठे थे| अब उन्हें अर्जुन से उसके बिना ही युद्ध करना होगा| दुखी मन से कर्ण वापस शिविर में लौट गए|

कृष्ण द्वारा फैलाई धुंध छँट चुकी थी और अब सूर्य ढल रहा था, परन्तु दुर्योधन ने आज्ञा दी युद्ध जारी रखा जाए| दुर्योधन और दुशासन के अतिरिक्त सभी कौरव भाइयों की मृत्यु हो चुकी थी| घटोत्कच की मृत्यु का समाचार सुनकर भीम तथा बाकी पांडव बहुत खिन्न थे|

कर्ण और द्रोण चारों ओर से पांडव सैनिकों को मौत के घाट उतार रहे थे| बाणविद्या में द्रोण की कुशलता देखते ही बनती थी| उनके सामने कोई नहीं टिक पा रहा था| विजय के लिए द्रोण की मृत्यु का उपाय खोजना आवश्यक था| परन्तु इस महान योद्धा का वध एक असंभव कार्य था| कृष्ण ने कहा कि अश्वत्थामा की मृत्यु की घोषणा करने पर ही द्रोण युद्धभूमि छोड़ेंगे| “क्या?” युधिष्ठिर ने चौंककर पूछा| “असत्य? नहीं, नहीं, मैं असत्य वचन नहीं कह सकता|”

उसी क्षण भीम ने अपनी गदा से अश्वत्थामा नामक हाथी को मार दिया| भीम जोर से चिल्लाए, “मैंने अश्वत्थामा को मार डाला मैंने अश्वत्थामा का वध कर दिया|”

द्रोण ने शत्रुओं के शिविर में से आता भीम का स्वर सुना और कंपित स्वर में कहने लगे, “यह असत्य है, यह सत्य हो ही नहीं सकता| अश्वत्थामा की मृत्यु नहीं हो सकती|” इस बात की पुष्टि के लिए उन्होंने पुकार कर युधिष्ठिर से पूछा, “क्या अश्वत्थामा मारा गया?” युधिष्ठिर निस्तब्ध खड़े सोचते रहे, उनकी समझ में नहीं आ रहा था कि क्या कहें| सभी अपना श्वास रोके उनके उत्तर की परीक्षा कर रहे थे| युधिष्ठिर आँखे बंदकर विचार करने लगे, “मुझे पाप करना होगा, मुझे असत्य वचन कहने होंगे| अपनी सेना के लिए मै यह पाप अपने सिर लूँगा|” और उन्होंने कहा, “अश्वत्थामा की मृत्यु हो गई, अश्वत्थामा-हाथी-मारा गया|” परन्तु उनके अंतिम शब्दों को कोई नहीं सुन पाया, क्योंकि द्रोण और उनके सैनिकों के चीखने, चिल्लाने और रोने की तीव्र आवाज सब तरफ फैल चुकी थी| द्रोण रोते-रोते मूर्छित हो गए, कौरव सेना भी उनके दुःख में सम्मिलित हो विलाप करने लगी| अश्वत्थामा वीर और तेजस्वी युवक था| द्रोण उसे अपने प्राणों से भी अधिक स्नेह करते थे|

युधिष्ठिर अपने सम्पूर्ण जीवन में कभी असत्य नहीं बोले थे| वे साधारण मनुष्यों से अलग थे| यहाँ तक कि सत्यवादी होने के कारण देवता भी उनका आदर करते थे| इस एक झूठ के कारण उनका रथ, जो सदा भूमि से कुछ ऊँचाई पर रहता था, एक धक्के के साथ नीचे आ गया-साधारण लोगों की भांति|

जब द्रोण को विश्वास हो गया कि अश्वत्थामा की मृत्यु हो गई है, तो उन्होंने ने अपने अस्त्र डाल दिए और युद्ध में भाग न लेने की घोषणा कर दी| हथियार डालकर वे प्रार्थना और चिंतन के लिए बैठ गए| धृष्टद्युम्न इसी पल की प्रतीक्षा में थे| पास खड़े सभी लोगों ने धृष्टद्युम्न से कहा कि जो ध्यान में तल्लीन हो उसे मारना अनुचित है| परन्तु उसने अपनी तलवार निकालकर एक हाथ से द्रोण का सिर काट डाला| निहत्थे द्रोण के वध को देख सभी भयभीत हो उठे| द्रुपद की प्रार्थना, जो उन्होंने ने बहुत समय पहले की थी, पूर्ण हुई| उनके पुत्र धृष्टद्युम्न में उस व्यक्ति की हत्या की, जो कभी उनका मित्र था|

संत का ह