Homeशिक्षाप्रद कथाएँजब महात्मा ने जिज्ञासु को अमल की महिमा बताई

जब महात्मा ने जिज्ञासु को अमल की महिमा बताई

एक जिज्ञासु था। उसके मन में कई तरह के प्रश्न उठते थे। जिनके समाधान के लिए वह इस संत के पास तो कभी उस महात्मा के पास जाया करता था।

“जब महात्मा ने जिज्ञासु को अमल की महिमा बताई” सुनने के लिए Play Button क्लिक करें | Listen Audio

हालांकि वह स्वयं अत्यंत ज्ञानी था किंतु अपने प्रश्नों का उत्तर दूसरों से प्राप्त करना उसकी प्रवृत्ति थी। इसके बिना उसे चैन नहीं मिलता था। एक दिन उसके शहर में एक महात्मा आए।

उस जिज्ञासु ने लोगों से उनके विषय में जानकारी प्राप्त की तो उसे ज्ञात हुआ कि वे बहुत ज्ञानी हैं। बस यह जानकार वह जिज्ञासु उन महात्मा के पास पहुंच गया और कुछ उपदेश सुनाने की प्रार्थना की। महात्मा ने उसे गौर से देखा और कहा- मेरा उपदेश यह है कि आज के बाद किसी से उपदेश मत मांगना। यह सुनकर वह व्यक्ति असमंजस में पड़ गया और सोचने लगा। तब महात्मा ने प्रश्न किया- अच्छा बताओ, सच बोलना अच्छा है या बुरा? जिज्ञासु ने उत्तर दिया- अच्छा।

महात्मा ने फिर पूछा- चोरी करना ठीक है या गलत? जिज्ञासु बोला- गलत। महात्मा ने पुन: प्रश्न किया- समय का सदुपयोग करना चाहिए अथवा नहीं? उत्तर मिला- करना चाहिए। इस प्रकार के कई प्रश्न महात्मा ने जिज्ञासु से किए और सभी के उत्तर उसने सही दिए। तब महात्मा बोले- तुम सब कुछ जानते हो। अब और क्या उपदेश सुनना चाहते हो? तुम्हें गुणोंे का ज्ञान है, किंतु मात्र ज्ञान से काम नहीं चलता। गुणों को जीवन में उतारो। उन पर अमल करो। इसी में तुम्हारी भलाई है, उपदेश सुनने में नहीं।

सार यह है कि हम सत्य-असत्य के विषय में जानते हैं। जानना ज्ञान है और करना आचरण, अत: सत्य को जानने के बाद अपने आचरण का अंग बना लेने पर किसी उपदेश या गुरु की आवश्यकता नहीं होती। 

काजल
गरीब का