Homeशिक्षाप्रद कथाएँसबसे गंदी जगह (बादशाह अकबर और बीरबल)

सबसे गंदी जगह (बादशाह अकबर और बीरबल)

बीरबल दरबार में पान चबाता हुआ पाया| यह देखकर बादशाह अकबर नाराज होकर बोले – “बीरबल, यह दरबार है और तुम यहां पान चबाते हुए आ गए, अब पीक भी थूकोगे, यहां गंदा करोगे|”

“सबसे गंदी जगह” सुनने के लिए Play Button क्लिक करें | Listen Audio

“हुजूर, पीक तो थूकनी ही पड़ेगी, आप जहां हुक्म देंगे वहीं थूक दूंगा|” बीरबल ने कहा|

बादशाह अकबर ने चारों तरफ नजर दौड़ाई, फिर बोले – “जो जगह सबसे गंदी हो वहीं थूकना|”

यह बात बादशाह अकबर ने इसलिए कही क्योंकि उनका दरबार साफ-सुथरा था, कहीं भी कोई गंदी जगह नहीं थी| उन्हें यकीन था कि बीरबल को दरबार से उठकर बाहर ही जाना पड़ेगा| कुछ देर बाद बीरबल को पीक थूकने की इच्छा हुई, वह उठा और बादशाह अकबर के साले साहब की जेब में पीक थूक दी| यह देखकर बादशाह बिगड़ गए और गुस्से से बोले – “बीरबल यह क्या गुस्ताखी है?”

“हुजूर, मैंने तो आपकी आज्ञा का पालन किया है| आपने कहा था कि सबसे गंदी जगह पर थूकना| सौ मुझे आपके साले साहब की जेब से अधिक गंदी जगह नजर नहीं आई, आप चाहें तो स्वयं ही देख लें कि उनकी जेब कितनी गंदी है|”

वास्तव में उस दिन बादशाह के साले साहब ने मैला कुर्ता पहना रखा था और उसकी जेब तो बहुत ही गंदी थी|

बीरबल का जवाब सुनकर बादशाह का सारा गुस्सा गायब हो गया और चेहरे पर हंसी दौड़ गई|