Homeशिक्षाप्रद कथाएँबड़ा कौन? (बादशाह अकबर और बीरबल)

बड़ा कौन? (बादशाह अकबर और बीरबल)

अकबर ने दरबार में प्रश्न किया – “सबसे बड़ा कौन है?”

“बड़ा कौन?” सुनने के लिए Play Button क्लिक करें | Listen Audio

दरबार में जितने भी दरबारी बैठे थे सभी के अलग-अलग जवाब थे| शेर, हाथी ऊंट…और न जाने कैसे-कैसे नाम दरबारियों के मुंह से निकलने लगे|

तभी बीरबल जो अब तक चुप बैठा था, बोला, “जहांपनाह…मेरे विचार में तो गोद में खेलने वाला एक छोटा-सा बच्चा ही सबसे बड़ा है|”

बीरबल के जवाब को सुनकर सभी दरबारी हंस पड़े| अकबर से भी रहा न गया| वह भी  हंसकर बोले – “यह कैसे हो सकता है| छोटा बच्चा तो अपनी जरूरतों के लिए मां-बाप पर निर्भर रहता है| वह सबसे बड़ा कैसे हो सकता है?”

“हुजूर आप मुझे कल तक का समय दें…मैं अपनी बात सिद्ध कर दूंगा|”

अगले दिन प्रात: जब दरबार लगा तो बीरबल गोद में एक छोटे-से बच्चे को लेकर उपस्थित हुआ| अकबर को यह जानने की उत्सुकता हुई कि वह बच्चा कौन है| बीरबल ने उसे अपने ही किसी रिश्तेदार का बच्चा बताया और अकबर की गोद में दे दिया|

अकबर बड़े प्यार और लगाव से उस बच्चे को पुचकारने लगे| कुछ देर बाद वह बच्चा उनकी मूंछों को खींचने लगा| यह देखते ही बीरबल अपने स्थान से खड़ा होता हुआ बोला – “जहांपनाह…मैंने कहा था न कि छोटा-सा बालक ही सबसे बड़ा होता है| अब आप ही देखिए इस बालक ने आपकी मूंछों पर हाथ डाल दिया| और किसी में है हिम्मत जो आपकी मूंछों को हाथ भी लगा दे|”

बीरबल की सूझबूझ पर दाद दिए बगैर न रह सके अकबर|