Homeशिक्षाप्रद कथाएँअकबर के पांच प्रश्न (बादशाह अकबर और बीरबल)

अकबर के पांच प्रश्न (बादशाह अकबर और बीरबल)

बादशाह अकबर जितने अच्छे शासक थे उतने ही अच्छे इंसान भी| उनका विनोदप्रिय स्वभाव सभी को भाता था|

“अकबर के पांच प्रश्न” सुनने के लिए Play Button क्लिक करें | Listen Audio

बादशाह अकबर दरबार में बैठे थे| सभी दरबारी भी वहां उपस्थित थे किंतु उनका प्रिय रत्न बीरबल अभी तक नहीं पहुंचा था| आवश्यक दरबारी कार्यों पर चर्चा चल रही थी कि अचानक न जाने अकबर को क्या सूझी कि उन्होंने कहा – “क्या तुम में से कोई यह बता सकता है कि कौन-सा फूल सबसे अच्छा होता है, कौन-सा पत्ता सबसे अच्छा होता है, किसका दूध सबसे अच्छा होता है, मीठे में सबसे अच्छा क्या होता है तथा सबसे अच्छा राजा कौन-सा है?”

अकबर के इन सवालों के जवाब में सभी दरबारियों की राय अलग-अलग थी किन्तु पांचवें सवाल के जवाब में सभी दरबारियों ने बादशाह अकबर को ही सर्वश्रेष्ठ बताया| लेकिन बादशाह को संतुष्टि नहीं हो रही थी| उन्हें यकीन था कि इन सभी सवालों का सही उत्तर तो बीरबल ही दे सकता है|

कुछ ही देर में बीरबल दरबार में उपस्थित हुआ और बादशाह को सलाम करके अपने स्थान पर बैठ गया| बादशाह अकबर ने उपरोक्त सवालों को बीरबल के सामने पुन: दोहराया|

“बादशाह सलामत… यह तो बहुत ही आसान से सवाल हैं|” बीरबल ने कहा – “सबसे अच्छा फूल कपास का होता है क्योंकि उससे हमें तन ढापने को कपड़ा मिलता है| सबसे अच्छा पत्ता पान का होता है जिससे दुश्मनों को भी दोस्त बनाया जा सकता है| मां का दूध सबसे अच्छा होता है, इसी से शिशु को पोषण मिलता है| मिठास सबसे अच्छी वाणी की है क्योंकि मीठा बोलने वाले की ही इस दुनिया में इज्जत होती है और राजाओं में सबसे अच्छा इन्द्र है जिसके आदेश से यह दुनिया चल रही है|”

बादशाह अकबर को अपने सवालों के जवाब मिल गए थे| वे बीरबल की बुद्धिमत्ता पर बहुत प्रसन्न हुए|