Homeआध्यात्मिक न्यूज़नेपाल, दक्षिण अफ्रीका एवं देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे प्रतिभागी बाल खिलाड़ियों का लखनऊ में भव्य स्वागत

नेपाल, दक्षिण अफ्रीका एवं देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे प्रतिभागी बाल खिलाड़ियों का लखनऊ में भव्य स्वागत

नेपाल, दक्षिण अफ्रीका एवं देश के विभिन्न प्रान्तों से पधारे प्रतिभागी बाल खिलाड़ियों का लखनऊ में भव्य स्वागत

लखनऊ, 18 अक्टूबर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, आर.डी.एस.ओ. कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड ‘एक्स्पो-2019’ का भव्य उद्घाटन कल 19 अक्टूबर, शनिवार को अपरान्हः 2.30 बजे सी.एम.एस. कानपुर रोड आॅडिटोरियम में होगा। श्री वीरेन्द्र कुमार, डायरेक्टर-जनरल, आर.डी.एस.ओ.इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे तथापि कई अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी व खेल जगत की प्रख्यात हस्तियाँ अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ायेंगे। उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि यह अन्तर्राष्ट्रीय खेल ओलम्पियाड 19 से 22 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है जिसमें नेपाल, दक्षिण अफ्रीका एवं भारत के विभिन्न प्रान्तों से लगभग 500 बाल खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने लखनऊ पधार रहे हैं।

श्री शर्मा ने बताया कि एक्स्पो-2019 में प्रतिभाग हेतु देश-विदेश के बाल खिलाड़ियों के लखनऊ पहुँचने का सिलसिला आज दिन भर जारी रहा तथापि सी.एम.एस. छात्रों व शिक्षकों ने लखनऊ की सरजमीं पर प्रतिभागी बाल खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया। देश-विदेश के प्रतिष्ठित विद्यालयों से पधारे ये प्रतिभागी बाल खिलाड़ी अपने अभूतपूर्व स्वागत से गद्गद नजर आये।

श्री शर्मा ने बताया कि ‘एक्स्पो-2019’ के अन्तर्गत ट्रैक एण्ड फील्ड, बैडमिन्टन, कराटे एवं साॅकर प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। ट्रैक एण्ड फील्ड प्रतियोगिताओं में 100मी, 200 मी, 400मी, 800मी, 1500मी एवं 4 गुणा 100 मी रिले दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा लम्बी कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक, गोला फेंक आदि प्रतिस्पर्धाओं में देश-विदेश के खिलाड़ी अपने दम-खम का प्रदर्शन करेंगे। ट्रैक एण्ड फील्ड प्रतियोगिताएं आर.डी.एस.ओ. स्टेडियम, मानक नगर में, बैडमिन्ट प्रतियोगिता आर.डी.एस.ओ. बैडमिन्टल हाॅल में, कराटे प्रतियोगिता सी.एम.एस. कानपुर रोड आॅडिटोरियम में एवं साॅकर प्रतियोगिता सी.एम.एस. कानपुर रोड स्थित ‘जय जगत पार्क’ में सम्पन्न होंगी। इसके अलावा, विश्व एकता व शान्ति की लौ जन-जन के हृदय में जलाने हेतु 22 अक्टूबर को प्रातः 5.00 बजे ‘मैराथन दौड़’ आयोजित की जायेंगी एवं इसके उपरान्त एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ एक्स्पो-2019 का समापन होगा।

(हरि ओम शर्मा)
मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी
सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ

FOLLOW US ON: