Homeशिक्षाप्रद कथाएँमेहनती लड़की

मेहनती लड़की

इंग्लैंड के एक गांव में मार्शल नामक फलों का व्यापारी रहता था | उसका व्यापार बहुत अच्छा था | मार्शल का बेटा थामस पढ़-लिख कर अपने पिता के व्यवसाय में हाथ बंटाने लगा था | वह खूब मेहनती और होशियार था | पिता को अपने पुत्र की काबिलियत पर गर्व था |

“मेहनती लड़की” सुनने के लिए Play Button क्लिक करें | Listen Audio

मार्शल की इच्छा थी कि उसके बेटे के लिए एक ऐसी लड़की मिले जो खूब मेहनती हो और उसे काम करने में आलस्य न आता हो |

मार्शल का मानना था कि ऐसी लड़की उसके बेटे और घर का ध्यान बहुत अच्छी तरह रख सकेगी | परंतु समस्या यह थी कि ऐसी लड़की को कहां से ढ़ूंढ़ कर लाया जाए | वह किसी दूसरे के बताने का यकीन भी नहीं करना चाहता था |

मार्शल ने मन ही मन एक योजना बनाई | उसने एक रेहड़ी पर ढेर सारे फल रखे और उसे लेकर स्वयं एक मोहल्ले में चला गया |

वहां जाकर मार्शल ने आवाज लगाई “ले लो, ले लो धूल-मिट्टी के बदले संतरे, सेब, केले ले लो | ले लो, बिना पैसों के फल लो |”

वह जिधर से निकलता, वहीँ स्त्रियां घरों से बाहर निकलकर देखने लगतीं कि कौन मुर्ख है जो बिना पैसों के फल बेच रहा है | अनेक स्त्रियां आपस में खुसर-फुसर करने लगीं कि शायद यह लोगों को बेवकूफ बना रहा है | हो सकता है कि इसका कोई और मकसद हो |

उन स्त्रियों ने आपस में तय किया कि उनमें से एक को जाकर फल वाले को आजमाना चाहिए | एक स्त्री ने फल वाले के पास जाकर पूछा – “भाई यह धूल-मिट्टी का क्या चक्कर है ? कितनी धूल-मिट्टी में कितने फल दोगे ?”

मार्शल बोला – “तुम जितनी ज्यादा धूल-मिट्टी लाओगी, उतने ही ज्यादा फल ले सकती हो |”

स्त्री को यकीन नहीं हुआ | वह फल वाले को रुकने को कहकर कर अपने घर में चली गई | उसने जल्दी-जल्दी घर में झाड़ू लगाई, कोनों में से मिट्टी निकाली और फल वाले के पास पहुंच गई | फल वाले ने उसे ढेर सारे फल दे दिए |

अन्य स्त्रियों ने देखा तो उनमें फल लेने की होड़ मच गई | सभी स्त्रियां अपने-अपने घरों में झाड़ू लगाने लगीं | खूब धूल-मिट्टी उड़ने लगी |

कोई थैला भर मिट्टी लेकर पहुंची तो कोई बोरा भर | सभी स्त्रियां व लड़कियां खुश थीं कि कोई बेवकूफ उन्हें धूल के बदले मुफ्त में फल दे रहा था |

तभी एक लड़की फल वाले के पास पहुंची | फल वाले ने देखा कि वह खाली हाथ आई है तो उसने पूछा – “क्या तुम्हें फल नहीं चाहिए |”

उस लड़की ने सकुचाते हुए अपने हाथ में से एक रूमाल निकाला जिसमें मुश्किल से दो चुटकी धूल थी | वह बोली – “श्रीमान जी, क्या इतनी धूल में भी आप कोई फल दे सकते हैं ?”

मार्शल बोला – “हां हां, क्यों नहीं, तुम जो फल चाहे ले सकती हो | पर यह बताओ कि क्या तुम्हारे घर में सिर्फ इतनी ही धूल निकली ?”

लड़की शरमाते हुए बोली – “दरअसल, मेरे घर में तो बिल्कुल भी धूल नहीं थी | पड़ोस की आंटी ने मुझसे अपने घर की धूल इकट्ठी करने को कहा था ताकि मैं उनके लिए यदि कोई फल मिल सके तो ले लूं | आप इतनी धूल के बदले जो फल दे सकें, वह दे दीजिए |”

मार्शल ने उस लड़की से कहा – “यह सारे फल तुम ले जा सकती हो | मैं तुम्हारे पिता से मिलकर तुम्हारा हाथ मांगना चाहता हूं | मैं तुम्हें अपनी बहू बनाना चाहता हूं |”

लड़की ने अपने घर की ओर इशारा किया और शरमाती हुई घर में घुस गई | मार्शल ने उस लड़की को अपनी बहू, स्वीकार कर लिया | इतने बड़े व्यापारी के घर में रिश्ता तय करके लड़की का पिता बहुत खुश थी | इधर, मार्शल बहुत खुश था कि उसे इतनी मेहनती और होशियार लड़की बहू के रूप में मिल रही थी जिसके घर में एक चुटकी धूल भी नहीं मिल सकी |

सास-बहू